भास्कर न्यूज | गिरिडीह जमुआ थाना क्षेत्र के भुपतडीह में 3 जनवरी को जमीन विवाद को लेकर अवैध देसी पिस्टल से फायरिंग के मामले में पुलिस ने मंगलवार को छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और जेल भेज दिया। घटना के दौरान भागते समय रामू साव नामक आरोपी के पिस्टल का ट्रिगर दब जाने से उसकी जांघ में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जमुआ थाना प्रभारी ने मामला दर्ज किया और एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचित किया। एसपी के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और 5 जनवरी की रात जेरुवाडीह जंगल में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने जंगल में खड़ी सेंट्रो कार में बैठे पांच आरोपियों को पकड़ा और तलाशी ली। तलाशी में द्वारपहरी निवासी रामू साव, विजय साव के पास एक लोडेड देसी पिस्टल और मैगजीन में 3 जिंदा कारतूस, संजय कुमार के पास 2 जिंदा राउंड, जोरासांख निवासी अमित कुमार वर्मा के पास एक लोडेड पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस, पंकज यादव के पास 3 जिंदा राउंड तथा नारायण मंडल के पास 1 खाली मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार राजकुमार मंडल ने बताया कि यह हथियार वह अन्य आरोपियों को मुहैया कराता था। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार पांच आरोपी जमुआ थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि नारायण मंडल कुसुम्भा, थाना मुफ्फसिल का निवासी है। उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों और कारतूसों का प्रयोग 3 जनवरी की फायरिंग में किया गया था। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। छापेमारी दल में जमुआ थाना के प्रभारी विभूति देव, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, भरकट्टा प्रभारी अमन कुमार, नवडीहा ओपी प्रभारी दीपक कुमार, जमुआ पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार दास, सहायक पुलिस निरीक्षक सुमित कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। एसपी ने बताया कि आगे भी अवैध हथियार रखने और फायरिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


