गढ़वा | मंगलवार को गढ़वा शहर के मदरसा रोड स्थित तैबा हॉस्पिटल परिसर में तैबा एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में पीएफटी कैंप लगाकर एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। तैबा एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के सचिव डॉ. अरशद अंसारी ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य श्वसन संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों की समय पर जांच कर उन्हें उचित परामर्श प्रदान करना है। शिविर में कुल 37 मरीजों की निःशुल्क पीएफटी जांच की गई। जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिली। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज पहुंचे। जो लंबे समय से सांस फूलने, खांसी, दमा, एलर्जी, फेफड़ों की कमजोरी तथा अन्य श्वसन समस्याओं से जूझ रहे थे। पीएफटी जांच के माध्यम से मरीजों के फेफड़ों की कार्यक्षमता का आकलन किया गया। इस निःशुल्क पीएफटी कैंप में अनुभवी पीएफटी टेक्नीशियन अवधेश कुमार, संजय उरांव, अशफाक अंसारी, खुर्शीद अंसारी, रकीब शमशेर, असलम और कैफ ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। सभी टेक्नीशियनों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मरीजों की जांच की और उन्हें जांच प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में जानकारी भी दी। मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण, धूम्रपान और बदलती जीवनशैली के कारण श्वसन रोग तेजी से बढ़ रहे हैं।


