फोटो दिखाने पर विवाद हुआ छोटे भाई ने बड़े की हत्या की

जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े कारली में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शादी की बात को लेकर हुए मामूली विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार ग्राम बड़े कारली निवासी मंगलू कुंजाम और सिंगड्डू उर्फ रवि कुंजाम सगे भाई थे। रविवार रात दोनों भाइयों के बीच शादी और मोबाइल पर लड़की की फोटो दिखाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। मृतक के परिवार की महिला लक्ष्मी ने बताया कि सिंगड्डू मोबाइल में लड़की की फोटो दिखा रहा था, जिस पर मंगलू ने आपत्ति जताई और इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों के बीच मारपीट शुरू हो गई। परिजनों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। मंगलू को घर के कोठार की ओर सुला दिया गया, जबकि सिंगड्डू आंगन में ही मौजूद रहा। समझाने के बावजूद वह शांत नहीं हुआ और गुस्से में पास रखी धान कूटने वाली लकड़ी उठा ली। इसके बाद वह बाड़ी की ओर से घूमकर वहां पहुंचा, जहां मंगलू सो रहा था। इस दौरान पिता चैतू कुंजाम ने मंगलू को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन सिंगड्डू ने लकड़ी से मंगलू के सीने पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल मंगलू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *