जिले में प्री-बोर्ड परीक्षा का सफल आयोजन, वार्षिक माध्यमिक एग्जाम में अंग्रेजी विषय की परीक्षा संपन्न

भास्कर न्यूज | कोडरमा वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, कोडरमा द्वारा प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन प्रारंभ कर दिया गया है। प्री-बोर्ड परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली में माध्यमिक परीक्षा के विषयों एवं इंटरमीडिएट वाणिज्य संकाय की परीक्षा ली जा रही है, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट विज्ञान एवं कला संकाय की परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्री-बोर्ड के अंतर्गत वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में 6 जनवरी को अंग्रेजी विषय की परीक्षा संपन्न हुई। वहीं 7 जनवरी को हिंदी, 8 जनवरी को विज्ञान, 9 जनवरी को सामाजिक विज्ञान तथा 10 जनवरी को गणित विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में वार्षिक इंटरमीडिएट प्री-बोर्ड परीक्षा के तहत 6 जनवरी को वाणिज्य, विज्ञान एवं कला संकाय के लिए अंग्रेजी (कोर) विषय की परीक्षा ली गई। 7 जनवरी को वाणिज्य संकाय के लिए बिजनेस स्टडीज, विज्ञान संकाय के लिए गणित एवं कला संकाय के लिए हिंदी (इलेक्टिव) की परीक्षा होगी। 8 जनवरी को वाणिज्य संकाय से एंटरप्रेन्योरशिप, विज्ञान संकाय से भौतिकी तथा कला संकाय से इतिहास की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 9 जनवरी को वाणिज्य संकाय से एकाउंटेंसी, विज्ञान संकाय से रसायन एवं कला संकाय से भूगोल की परीक्षा होगी, जबकि 10 जनवरी को वाणिज्य संकाय से अर्थशास्त्र, विज्ञान संकाय से जीव विज्ञान एवं कला संकाय से अर्थशास्त्र या राजनीतिक शास्त्र की परीक्षा ली जाएगी। प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्री-बोर्ड परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की अच्छी उपस्थिति देखने को मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *