भास्कर न्यूज | चतरा चतरा जिले में मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हुए सदर अस्पताल चतरा में झारखंड राज्य का पहला पूर्ण वातानुकूलित मदर स्पेशल न्यूबोर्न केयर यूनिट (एमएसएनसीयू) का उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, उपायुक्त कीर्तिश्री जी, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी एवं उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उपायुक्त ने कहा कि यह पहल जिले में नवजात शिशु मृत्यु दर में कमी, एक्सक्लूसिव ब्रेस्टफीडिंग को बढ़ावा तथा मां शिशु के भावनात्मक जुड़ाव को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर उन्नत नवजात सेवाओं की उपलब्धता से अब केवल अत्यंत गंभीर मामलों में ही उच्च संस्थानों को रेफरल की आवश्यकता पड़ेगी। नवजात शिशुओं के उपचार और देखभाल के लिए आवश्यक सभी उपकरण इस युनिट में लगाया गया है। यहां रेडियंट वॉरमर, बेबी वॉरमर, फोटो थेरेपी, ऑक्सीजन कंसनटेटर, सेक्शन मशीन, इनक्यूबेटर सहित अन्य कई उपकरण लगाए गए हैं। जिससे नवजात शिशुओं के इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। उद्घाटन के मौके पर सिविल सर्जन डॉ जगदीश प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम,सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ पंकज कुमार सहित अन्य कई उपस्थित थे। सदर अस्पताल में पहले सिर्फ एसएनसीयू ( न्यू नेटल केयर युनिट) की सुविधा थी। जन्म के बाद तबियत बिगड़ने पर नवजात शिशु को उनकी मां से अलग कर एसएनसीयू में भर्ती कर दिया जाता था। इसके कारण माता अपने नवजात को ना तो ब्रेस्ट फिडिंग करा पाती थी और ना ही नवजात शिशु के लिए केएमसी ( कंगारू मदर केयर) दे पाती थी। इस युनिट के शुरू हो जाने के बाद नवजात शिशुओं को यह सभी सुविधा मिल सकेगी। सदर अस्पताल के उपरी तल्ले पर बनाए गए इस एमएसएनसीयू में 11 बेड की व्यवस्था की गई है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ आशीष के साथ साथ एक दर्जन से अधिक कर्मियों को यहां प्रतिनियुक्त किया गया है। यहां एक साथ 11 नवजात शिशु और उनकी माताओं को भर्ती किया जा सकेगा। इस वार्ड में विशेष रूप से समय से पहले जन्म लेने वाले प्री मैच्योर बेबी तथा 1800 ग्राम से कम वजन वाले नवजात शिशुओं को उनकी माताओं के साथ ही रखकर उपचार किया जाएगा।


