सांसद ने सीएम को दी नववर्ष की शुभकामनाएं

लोहरदगा|लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्य के समग्र विकास को गति देने को लेकर दोनों नेताओं के बीच सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सांसद सुखदेव भगत को नववर्ष की हार्दिक बधाई देते हुए राज्य के विकास में सहयोग की अपेक्षा जताई। बातचीत के दौरान झारखंड में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण सशक्तिकरण एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद सुखदेव भगत ने राज्य में पेसा कानून लागू किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संविधान की भावना के अनुरूप है और इससे ग्राम स्वशासन को मजबूती मिलेगी। सांसद ने इसे झारखंड में न्यायपूर्ण, सहभागी एवं सतत विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और साहसिक कदम बताया। सांसद ने कहा कि पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों को निर्णय लेने की शक्ति मिलेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। इस अवसर पर गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित थीं। सांसद सुखदेव भगत ने उन्हें भी नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *