चित्तौड़गढ़ | कोतवाली थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट के बाहर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों ने परस्पर मामले दर्ज कराए हैं। पहले पक्ष की ओर से गांधीनगर निवासी धर्मेन्द्र सिंह पुत्र मदनसिंह राजपूत (55) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि सोमवार शाम 4.40 बजे वह गणगौर रेस्टोरेंट पर था। इसी दौरान शिव प्रजापत, प्रकाश प्रजापत और चंदू पंडित वहां पहुंचे। शिव ने गाली गलौच करते हुए स्टील के पाइप से उसके सिर पर वार किया। अन्य ने भी उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए अभय प्रताप सिंह पर भी पाइप से हमला किया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। धर्मेन्द्र ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद लौटते समय फिर उन पर जानलेवा हमला किया गया। जिसकी रिपोर्ट में कहा कि सोमवार रात करीब 8.45 बजे नवल सराय के पास आधा दर्जन जने बाइक व स्कूटी से पहुंचे। आरोपियों ने वैन के आगे वाहन अड़ाकर लोहे के पाइप व लाठियों से गाड़ी पर हमला कर कांच तोड़ दिए। प्रार्थी पक्ष किसी तरह जान बचाकर वापस थाने पहुंचा। दूसरे पक्ष की ओर से पाडनपोल निवासी मनोज साहू (35) ने रिपोर्ट में बताया कि अपने दोस्त शिव प्रजापत के साथ सोमवार शाम करीब 4.30 बजे बाइक से ओछड़ी गेट से किले की ओर जा रहा था। पाडनपोल से पहले गणगौर रेस्टोरेंट के बाहर खड़े स्टाफ ने उनकी बाइक रुकवाकर जबरन खाना खाने का दबाव बनाया। मना करने पर गाली-गलौच की। मनोज का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रेस्टोरेंट मालिक धर्मेन्द्र सिंह राजपूत, उनका बेटा लोकेंद्र सिंह तथा कर्मचारी श्रवण, किशोर, बॉबी और 5-7 अन्य लोग लाठियां, लोहे के पाइप व सरिया लेकर आए और शिव पर हमला कर दिया। मारपीट में शिव को गंभीर चोटें आईं, जिसे सांवलिया जी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर होने पर मंगलवार सुबह उदयपुर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने मारपीट के दौरान गले की चेन और हाथ की अंगूठी गुम होने का भी आरोप लगाया।


