चित्तौड़गढ़ | मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने आरएआरआई दुर्गापुरा प्रक्षेत्र का भ्रमण किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं प्रदेश के विभिन्न खण्डों से आए प्रगतिशील कृषकों के साथ परिचर्चा की गई। परिचर्चा में संयुक्त शासन सचिव मंजू राजपाल कृषि एवं उद्यानिकी के अलावा कृषि आयुक्त चिन्मय गोपाल तथा उद्यानिकी आयुक्त शुभम चौधरी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न खण्डों से कुल 25 प्रगतिशील कृषकों ने सहभागिता की। भीलवाड़ा खण्ड से उननिदेशक कृषि इन्द्र कुमार संचेतीके साथ जिले से बीजीय मसाला उत्पादन से संबंधित प्रगतिशील कृषक गोपाललाल जाट, निवासी सुजाखेड़ा तथा सीताफल प्रोसेसिंग से संबंधित कृषक धर्मेंद्र धाकड़ निवासी कनेरा ने परिचर्चा में भाग लिया। परिचर्चा में कृषकों द्वारा मसाला उत्पादन, सीताफल एवं अन्य उद्यानिकी फसलों में आने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया। साथ ही उत्पादन लागत को कम करने, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन एवं अधिक पैदावार प्राप्त करने के संबंध में सुझाव प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों द्वारा कृषकों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।


