भास्कर न्यूज | चित्तौड़गढ़ कोटा फोरलेन पर गत रात एक युवक अपने दोस्तों के साथ होटल में जन्मदिन मना रहा था, तभी बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। उपचार के बाद घायल युवक को उसका भाई घर ले जा रहा था, तो रास्ते में बदमाशों ने दोबारा हमला करते हुए फायरिंग कर कार में तोड़फोड़ कर दी। जान बचाने के लिए युवक और उसके साथी खेतों में भाग गए। डीएसपी बृजेशसिंह ने बताया कि विजयपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी नारायण जाट ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार रात 10 बजे उसका छोटा भाई विनोद अपने दोस्तों के साथ होटल में जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान मायरा निवासी प्रहलाद गुर्जर, गिरधारी गुर्जर, गलियामल निवासी दिनेश गुर्जर और उनके साथियों ने विनोद और उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर दी और भाग गए। हमले में विनोद के सिर में गंभीर चोट आई। घायल विनोद को बस्सी हॉस्पिटल ले गए, जहां से चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया। विनोद को उसके दोस्त जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। भाई नारायण भी जिला हॉस्पिटल पहुंचा। यहां उपचार के बाद विनोद को रात लगभग 2 बजे घर ला रहे थे कि रास्ते में आछोड़ा-सुरजना के पास बिना नंबर की स्कॉर्पियो और एक कार में सवार बदमाशों ने नारायण की कार के आगे गाड़ी लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद प्रहलाद गुर्जर, गिरधारी गुर्जर, दिनेश गुर्जर और उनके 6–7 साथियों ने 12 बोर बंदूक से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से नारायण और उसके साथी घबरा गए। जान बचाने के लिए कार छोड़कर खेतों में भाग गए। इसके बाद बदमाशों ने कार में तोड़फोड़ की और फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पहले भी दोनो पक्षों में विवाद हो चुका है।


