भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़ ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को भी अब कई तरह की जांचों के लिए जिला स्तर पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के तहत हर ब्लॉक लेवल पर ही 106 प्रकार की निशुल्क जांचें संभव होगी। जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालय पर इसके भवन बनाए जा रहे। कुछ जगह बन भी गए हैं। इस सुविधा से जिला स्तर के अस्पताल पर दबाव कम होगा और मरीज को रिपोर्ट भी जल्दी मिलेगी। जिले में कुल 11 में से 7 ब्लाक में यूनिट बनने के साथ ही रनिंग में भी आ गई है। शेष 4 में काम रनिंग में हैं। जल्द निर्माण पूरा होगा। सीएमएचओ डॉ. ताराचंद गुप्ता ने बताया कि जिले के हर ब्लाक में पब्लिक हैल्थ यूनिट एवं लैब स्थापित होगी। इसमें से गंगरार, कनेरा, भूपालसागर, रावतभाटा, कपासन, भूपालसागर, भदेसर में लैब बन कर रनिंग भी हो चुकी हैं। डूंगला, राशमी, बस्सी एवं बेगूं में काम रनिंग में हैं। मार्च तक पूरी हो जाएगी। जानिये, किस प्रकार की जांचें ब्लॉक स्तर पर होंगी मरीजों को ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के तहत 106 तरह की जाचें कराने की सुविधा होगी। इसमें रक्त शुगर (फास्टिंग/पीपी), पूर्ण रक्त गणना (सीबीसी), रक्त समूह, एचआईवी (एंटीबॉडी), हेपेटाइटिस बी सतह एंटीजन (एचबीएसएजी), एचसीवी एंटीबॉडी, टाइफाइड (आईजीएम), डेंगू एनएस1/आईजीएम, मलेरिया पैरासाइट, आरपीआर/वीडीआरएल के अलावा रूटीन और माइक्रोस्कोपी , गर्भावस्था परीक्षण (मूत्र) और माइक्रोबायोलॉजी टेस्ट भी होंगे। अन्य प्रकार की जांचों में ऑकल्ट ब्लड टेस्ट और ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट (जीटीटी) भी होंगे।


