भास्कर संवाददाता | हनुमानगढ़ जिले में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध करवाने के लिए कृषि विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। दैनिक भास्कर में यूरिया वितरण में खामी संबंधी समाचार प्रकाशित के बाद विभाग के अधिकारी हरकत में आए। रावतसर में यूरिया की आपूर्ति बढ़ाई गई है। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. प्रमोद यादव, सहायक निदेशक (मु.) बलकरण सिंह व कृषि अनुसंधान अधिकारी राजेंद्र बेनीवाल ने मंगलवार को संयुक्त रूप से जंक्शन और टाउन में विभिन्न कृषि आदान फर्मों का औचक निरीक्षण किया। स्टॉक रजिस्टर की जांच की। इसके साथ गोदामों का भी निरीक्षण कर भंडारण के बारे में जानकारी ली। आदान विक्रेताओं को यूरिया के साथ किसी भी उत्पादन की टैगिंग नहीं करने की हिदायत दी। विभाग द्वारा लागू की गई व्यवस्था के अनुसार कृषकों को उपलब्ध स्टॉक के कारण खाद वितरण के निर्देश दिए। संयुक्त निदेशक डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि रबी फसलों के लिए जिले में अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक कुल 96 हजार 700 मीट्रिक टन यूरिया की मांग के विरुद्ध 5 जनवरी 2026 तक खरीफ मौसम के अधिशेष यूरिया उर्वरक सहित कुल 78 हजार 332 मीट्रिक टन यूरिया उर्वरक की आपूर्ति हुई है। जनवरी माह की मांग 22 हजार 200 मीट्रिक टन के विरुद्ध 5 जनवरी 2026 तक 8659 एमटी की आपूर्ति हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जिले में यूरिया उर्वरक की मांग के अनुरूप यूरिया की आपूर्ति हो रही है। कृषकों की अधिक भीड़ होने की स्थिति में कृषकों को पंक्तिबद्ध कर उनकी आवश्यकता के अनुसार टोकन प्रणाली से यूरिया उर्वरक उपलब्ध करवाया जा रहा है।


