राजधानी की संस्कृति, विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों के दीदार के लिए लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा बुधवार से नियमित रूप से शुरू हो गई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को 1090 चौराहा से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। टिकट के साथ मिलेगा तुलसी का बीज, यादगार बनेगा सफर मंत्री ने बताया कि लखनऊ दर्शन के टिकट में तुलसी का बीज भी शामिल होगा, ताकि भ्रमण के बाद भी टिकट की उपयोगिता बनी रहे। यात्री बीज को घर में लगाकर इस यात्रा की स्मृति संजो सकेंगे। लोकार्पण के बाद बस से यात्रियों को यूपी दर्शन कराया गया। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। 1090 से प्रमुख धरोहरों तक का रूट प्रबंधक निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि लखनऊ दर्शन की व्यवस्था को जल्द राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल तक विस्तारित किया जाएगा। फिलहाल बस 1090 चौराहा से विधान भवन, हजरतगंज, सिकंदरबाग, रेजीडेंसी सहित अन्य प्रमुख स्मारकों और धरोहरों तक जाएगी। यात्रियों को प्रशिक्षित गाइड इतिहास और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देंगे। लोकार्पण के दौरान महानिदेशक पर्यटन राजेश कुमार द्वितीय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। दो पालियों में रोजाना संचालन उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के एमडी आशीष कुमार ने बताया कि लखनऊ दर्शन बस सेवा रोजाना दो पालियों (सुबह और शाम) में चलेगी। टिकट शुल्क: बच्चों के लिए ₹400, वयस्कों के लिए ₹500 ऑफर: 31 जनवरी तक बुकिंग पर 10% की छूट बुकिंग: ऑनलाइन वेबसाइट से और ऑफलाइन काउंटर पर उपलब्ध डबल डेकर से शहर देखने का नया अनुभव डबल डेकर से सफर करने वाले रामजी ने बताया कि बस की ऊंचाई के कारण शहर को दूर तक साफ देखा जा सकता है। अंकित ने कहा कि यह उनकी पहली डबल डेकर यात्रा थी—बस के अंदर बैठते ही बाहर के नज़ारे बेहद स्पष्ट दिखे, जिससे पूरा शहर एक नई नज़र से देखने को मिला।


