मिलावट के शक में 5 हजार किलो पनीर जब्त एमपी-पुणे से लाकर खपा रहे, छापेमारी तेज

राजधानी में एक बार फिर मिलावटी के शक में 5 हजार किलो पनीर पकड़ा गया। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने सोमवार को एक ही दिन रेलवे स्टेशन और भाठागांव बस स्टैंड में पनीर की इतनी बड़ी खेप जब्त की है। स्टेशन में मध्यप्रदेश से 49 और बस से पुणे की एक डेयरी से 53 बॉक्स पनीर लाया गया था। इन सभी बॉक्स को जब्त कर लिया गया है। अफसरों के अनुसार एक बॉक्स में 50 किलो पनीर था। इस तरह सभी बॉक्स का कुल वजन 5100 किलो है। पनीर की बड़ी खेप किसने मंगवाई थी इसकी भी जांच हो रही है। क्योंकि पनीर के बॉक्स उतरने के बाद कई घंटों तक उसे कोई लेने ही नहीं पहुंचा था। पनीर के साथ बिल गोपी डेयरी और सांई एसोसिएट का बिल मिला है। बिल में मोबाइल नंबर है, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मिलावट का कारोबार करने वालों को छापे की खबर हो गई थी। विभाग के अफसरों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ही यह साबित हो गया कि पनीर दूध से नहीं बनाया गया है। डालडा, स्कीम मिल्क पाउडर और पाम ऑयल को मिलाकर पनीर तैयार किया गया है। इसलिए सैंपल लेकर उसे जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान जो दस्तावेज मिले उसमें एक किलो पनीर की कीमत 171 रुपए लिखी हुई है। बताया जा रहा है कि अलग-अलग राज्यों से हर दिन औसतन 1000 किलो नकली पनीर की सप्लाई हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *