शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर आम लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का स्टेट साइबर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गिरोह इंदौर में बैठकर फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था। कार्रवाई में 10 युवक और 10 युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। भोपाल निवासी सुनील कुमार राजपूत ने शिकायत की थी कि उन्हें शेयर ट्रेडिंग में अच्छे रिटर्न का लालच देकर कॉल किया गया। कॉल करने वाले ने खुद को फाल्कन ट्रेडर्स कंपनी का प्रतिनिधि बताया और मोबाइल एप के जरिए निवेश कराने को कहा। भरोसा दिलाने वेबसाइट लिंक भेजा गया और ई-मेल पर यूजर आईडी व पासवर्ड उपलब्ध कराए गए। सुनील ने अपने और दोस्तों के खातों से अलग-अलग तारीखों में कुल 1.70 लाख रुपए यूपीआई के जरिए बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। पहले एप पर मुनाफा दिखता रहा, लेकिन जब रकम निकालने की कोशिश की गई तो पैसा खाते में नहीं आया। कंपनी के सभी मोबाइल और वॉट्सएप नंबर बंद हो गए। सुनील ने 11 दिसंबर 2025 को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। जांच में साइबर पुलिस की टीम ने इंदौर के स्काई कॉरपोरेट पार्क, विजयनगर स्थित ऑफिस पर रेड की, जहां फाल्कन ट्रेडर्स के नाम से फर्जी कॉल सेंटर मिला। यहां से 43 मोबाइल फोन, 16 लैपटॉप, 3 हार्ड डिस्क, 1 डीवीआर, 1 मॉडम, 1.33 लाख नकद, पासबुक, एटीएम/डेबिट कार्ड व चेकबुक जब्त किए गए। अनजान कॉल, मैसेज पर निवेश न करें


