धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में राजाखेड़ा बाईपास पुल के पास मंगलवार दोपहर एक 31 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने एक युवक और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतका की पहचान चरण विहार कॉलोनी निवासी कोमल पत्नी गंगा सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में कोमल के पिता बहादुर सिंह ने निहालगंज थाने में एक युवक और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। बहादुर सिंह ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को वह अपनी बेटी कोमल के साथ जा रहे थे। रास्ते में कोमल उनसे कुछ दूरी पर पीछे रह गई। जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा, तो राजाखेड़ा बाईपास पुल के पास एक युवक खड़ा था। यह वही युवक था जिससे कुछ साल पहले कोमल की सगाई हुई थी, लेकिन बाद में सगाई टूट गई थी और कोमल का विवाह कहीं और कर दिया गया था। पिता के अनुसार, आरोपी युवक लंबे समय से कोमल को ब्लैकमेल कर रहा था। मंगलवार को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कोमल के साथ मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। निहालगंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच की जा रही है।


