जबलपुर में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में खुद को भाजपा नेत्री और महिला आयोग की पूर्व सदस्य बताने वाली शिखा शर्मा यह कहते हुए दिखाई दे रही हैं कि उन्होंने “तीन-तीन मर्डर किए हैं”। वीडियो सामने आने के बाद शिखा शर्मा ने इसे भ्रामक बताते हुए पुलिस जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है। शिखा शर्मा का कहना है कि वीडियो को संदर्भ से अलग काटकर वायरल किया गया, जिससे उनकी छवि खराब की जा रही है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। जबलपुर पुलिस ने वीडियो की सत्यता, संदर्भ और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में कहा-पुलिस अफसरों से पूछ लेना
वीडियो में शिखा कुर्सी पर बैठी हुई और सामने ही खड़ी एक महिला से बात करते हुए कह रही है कि मैंने तीन-तीन मर्डर किए हैं, चाहे तो यह देख लो और यह सच्चाई है। महिला कुछ पुलिस अधिकारियों का नाम लेते हुए कह रही है कि चाहे तुम उनसे पूछ लेना। सीएम से भी की थी शिकायत की कोशिश
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब चार दिन पहले शिखा शर्मा ने जबलपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला रोककर अपनी शिकायत रखने की कोशिश की थी। उस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया था। कैफे को लेकर विवाद का मामला
विवाद की जड़ कछपुरा ब्रिज क्षेत्र स्थित एक कैफे को लेकर है। शिखा शर्मा का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में दुकान तुड़वाई गई, जबकि दुकान मालिक रवि पटेल ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि किराया विवाद के चलते उन्होंने संबंधित विभागों में शिकायत की थी। सीएसपी ने कहा- जांच कर रहे भाजपा ने कहा- सक्रिय कार्यकर्ता होने की पुष्टि नहीं
उधर, भाजपा महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा है कि पार्टी के रिकॉर्ड में शिखा शर्मा के संगठनात्मक पद या सक्रिय कार्यकर्ता होने की कोई पुष्टि नहीं है। वहीं भाजपा महिला मोर्चा ने भी मामले से दूरी बनाई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


