बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला जोन से एक रेस्क्यू शावक अपने बाड़े से निकलकर जंगल में भाग गया। यह घटना सोमवार को हुई, जब शावक ने लगभग 5 मीटर ऊंची बाड़ को कूदकर पार कर लिया। टाइगर रिजर्व की टीम तीन हाथियों के दल और स्टाफ के साथ जंगल में उसकी तलाश कर रही है। लगभग आठ महीने के ये दोनों शावक रिवाइल्ड करने के लिए एक विशेष बाड़े में रखे गए थे। इन्हें करीब तीन महीने पहले 10 अक्टूबर को पनपथा बफर परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 601, सलखनिया बीट से रेस्क्यू किया गया था। तीन हाथियों के दल के साथ सघन सर्च ऑपरेशन शुरू शावक के बाड़े से निकलकर जंगल में चले जाने की सूचना सोमवार को मिली। इसके तुरंत बाद, टाइगर रिजर्व की टीम ने तीन हाथियों के दल के साथ बाड़े के आसपास सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। प्रबंधन के अधिकारियों ने बताया कि शावक के पदचिह्न आसपास के क्षेत्र में मिले हैं और उसे जल्द ही ढूंढकर बाड़े में वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों शावकों को रिवाइल्ड करने के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में विशेष व्यवस्था की गई थी। उनके लिए एक प्राकृतिक रूप से तैयार किया गया बाड़ा बनाया गया था, ताकि उन्हें जंगल जैसा माहौल मिल सके। इस बाड़े में किसी भी प्रकार की मानवीय गतिविधि प्रतिबंधित थी और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाती थी। भोजन भी दूर से ही दिया जाता था। प्रबंधन के अनुसार, दोनों शावक स्वस्थ थे।


