सुकमा| सरकार की पुनर्वास नीति व नियद नेल्लानार योजना से प्रभावित होकर सुकमा पुलिस के सामने 2 लाख के इनामी समेत 6 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। नक्सली पुलिस गश्त सर्चिंग पार्टी की रेकी कर हमला करने, पुलिस पार्टी के आने-जाने वाले रास्तों पर स्पाइक व आईईडी प्लांट करने, सड़क खोदने सहित अन्य गतिविधियों व वारदातों में शामिल रहे। सीआरपीएफ की 217वीं बटालियन के टूआईसी नीरसिंह मीणा व नक्सल सेल प्रभारी रोशन सिंह राजपूत के सामने समर्पण किया। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार कैम्प स्थापित होने और पुलिस के बढ़ते प्रभाव से 6 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें 2 लाख के इनामी उत्तर बस्तर माड़ डिवीजन सीसीएम कोसा दादा का गार्ड कुंजाम मासा, मोरपल्ली आरपीसी जनताना सरकार सदस्य कुंजाम जोगा, बोड़के हुर्रा, मड़कम हिड़मा, वंजाम कोसा व माड़वी जोगा शामिल हैं। इनामी नक्सली कुंजाम मासा को आत्मसमर्पण के लिए प्रोत्साहित कराने में रेंज फील्ड टीम व शेष नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने नक्सल सेल की विशेष भूमिका रही।


