बीकानेर में सर्दी ने अचानक तेवर तीखे कर लिए हैं। पिछले 24 घंटे में शहर का अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि बुधवार सुबह ठंडक का अहसास पांच डिग्री सेल्सियस जैसा रहा। इससे पहले बीते दिनों में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री के आसपास बना हुआ था। ऐसे में एक ही दिन में तापमान में आई यह गिरावट लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही है। पिछले दिनों की तुलना में बढ़ी सर्दी की तीव्रता पिछले कुछ दिनों में बीकानेर में दोपहर के समय सर्दी का असर कम महसूस हो रहा था, लेकिन अब सुबह और रात दोनों समय ठंड तेज हो गई है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सर्द हवाओं के साथ ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम के जानकारों के अनुसार यह बदलाव शीत लहर के सक्रिय होने का संकेत है। 25 जिलों में छुट्टी, बीकानेर में स्कूल खुले तेज सर्दी के बीच प्रदेश के 25 जिलों में स्कूली बच्चों की छुट्टी घोषित कर दी गई है, लेकिन बीकानेर में फिलहाल स्कूलों में छुट्टी नहीं की गई है। सुबह के समय ठंड और कम तापमान के कारण छोटे बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति पचास फीसदी रह गई है। एग्जाम नजदीक होने के कारण शिक्षा विभाग छुट्टी से कतरा रहा है। आने वाले दिनों में और गिर सकता है पारा मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। सुबह के समय कोहरा और शीतलहर का असर बना रह सकता है, जिससे ठंड और तेज महसूस होगी। रात का तापमान और नीचे जा सकता है। नमकीन की दुकानों पर सुबह से भीड़ ठंड बढ़ते ही बीकानेर में गर्म नमकीन की मांग भी तेजी से बढ़ गई है। चाय पट्टी, बीके स्कूल के पास, जस्सूसर गेट और गंगाशहर क्षेत्र में स्थित नमकीन की दुकानों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ नजर आ रही है। लोग सर्दी से बचने के लिए गर्म भुजिया और नमकीन का स्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं।


