शिवपुरी के एनएच-46 पर खड़े दो ट्रकों में लगी आग:चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

शिवपुरी के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-46 पर पड़ौरा गुरुद्वारा के पास स्थित ठाकुर होटल पर खड़े दो ट्रकों में देर रात आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि इसे बुझाने में फायर ब्रिगेड को करीब चार घंटे से अधिक का समय लगा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दोनों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, पुराने टायरों से भरा एक ट्रक (MP 33 H 9014) ठाकुर होटल के पास खड़ा था। इसके चालक मुकेश रावत ने रात में ट्रक खड़ा कर खाना खाने चले गए थे। देर रात करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से इस ट्रक में आग भड़क उठी। आग की लपटें तेजी से फैलीं और पास में खड़े सीमेंट से भरे 22 पहिया ट्रक (RJ 33 GA 3634) को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस ट्रक में चालक गोविंद और उसका हेल्पर सो रहे थे। चालक ने ट्रक हटाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण वह सफल नहीं हो सका। कुछ ही देर में ट्रक के केबिन में भी आग लग गई, जिसके बाद चालक और हेल्पर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल कोलारस पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोलारस और शिवपुरी से फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोलारस नगर परिषद की फायर ब्रिगेड के चालक प्रमोद शर्मा ने बताया कि आग बुझाने के लिए चार राउंड में पानी का इस्तेमाल किया गया। आग बुझाने का काम रात करीब साढ़े 12 बजे शुरू हुआ और सुबह साढ़े 4 बजे तक पूरी तरह नियंत्रित हो सका। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *