सुबह में कोहरा और दिन में छा रहे बादल:झारखंड में ठंड का असर हो रहा कम, चार डिग्री तक चढ़ेगा तापमान

पहाड़ी बफीर्ली हवाओं का असर राज्य में बदस्तूर जारी है। लिहाजा सुबह-शाम ठंडी हवा चल रही है। लेकिन मौसम में लगातार बदलाव हो रहे हैं। इसका असर हेल्थ पर भी पड़ रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मौसम में लगातार जिस तरह से बदलाव हो रहे हैं, इससे ठंड का असर कम होने वाला है। बीते तीन दिनों से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। इससे सुबह और शाम को छोड़कर दिन में गर्मी महसूस होगी। जबकि तेज हवा के साथ धूल उड़ाने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। कोहरे और बादल का मिलाजुला असर मौसम विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कुछ हिस्से में कोहरे और बादल का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। राज्य के जिस हस्से में बादल छाने की बात कही गई है वह राज्य का उत्तरी भाग है। अन्य जिलों में आसमान साफ रहने वाला है। रांची के मौसम में भी बदलाव जारी मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में उत्तर भारत में बर्फबारी और बारिश होने से आंशिक असर पड़ रहा है। यही कारण है कि सुबह में कोहरा और दिन में हल्के बादल छा रहे हैं। सोमवार को कई दिनों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। सुबह और शाम में चलरही ठंडी हवा के कारण ठंड लग रही है। रांची का न्यूनतम तापमान सोमवार को 10.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह रविवार की अपेक्षा 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। जबकि अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के पहले हफ्ते से मौसम सुहाना होने लगेगा। बदलता मौसम कर रहा बीमार इधर सुबह शाम ठंड के बाद दिन में तेज धूप से लोगों की दिनचर्या बदल रही है। मौसम के हिसाब से लोग लापरवाही भी बरत रहे हैं। डॉक्टर का कहना है कि मौसम में बदलाव के दौरान विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। ऐसा नहीं करने पर मौसमी बीमारी की चपेट में आने की पूरी संभावना है। राज्य की सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के मेडिसिन विभाग में मौसमी बीमारियों से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ी है। ओपीडी में 30 से 40 फीसदी अभी मरीज सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित आ रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *