कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेम नगर पंचमुखी चौराहे के पास स्थित एक कॉलोनी में देर रात बिजली के खंभे पर जोरदार ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि पास ही स्थित एक मकान की पूरी इलेक्ट्रिक वायरिंग जल गई और दीवारों में लगे सभी स्विच बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गए। मकान मालिक रतीराम ने बताया कि उनके मकान के पास लगे खंभे से 33 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिस पर पतंग उड़ाने का मांझा उलझा हुआ था। देर रात अचानक खंभे पर तेज धमाका हुआ और उसकी अर्थिंग उनके मकान में आ गई। इसके चलते मकान में लगे 4 से 5 पंखे, लाइट,बल्ब जलकर खराब हो गए, वहीं पूरे घर की वायरिंग और लाइन बोर्ड पूरी तरह जल गए। रतीराम ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने पहले भी निजी बिजली कंपनी केईडीएल (KEDL) को शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हादसे के बाद पूरा परिवार पूरी रात अंधेरे में बैठने को मजबूर रहा। पीड़ित परिवार ने निजी बिजली कंपनी से नुकसान की भरपाई की मांग की है।


