जयपुर में पहली बार आयोजित हो आयोजित हो रहे आर्मी डे परेड की प्रैक्टिस चल रही है। घने कोहरे और सर्दी के बीच सेना का मार्च लोगों को रोमांचित कर रहा है। प्रैक्टिस के दौरान लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर की फ्लाई-पास्ट, सैन्य टुकड़ियों का मार्च, टैंक, मिसाइल, ड्रोन तकनीक और आधुनिक युद्ध क्षमताओं के प्रदर्शन का प्रैक्टिस किया जा रहा है।
कोहरे के बीच प्रैक्टिस में सैन्य सुरक्षा बल की अलग अलग टुकड़ियां फ्लैग मार्च करती दिखी। जयपुर के जगतपुरा महल रोड पर 15 जनवरी को मुख्य परेड होगा। इससे पहले 9, 11 और 13 जनवरी को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक इसकी रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसे आम लोग भी देख सकेंगे। हर रिहर्सल और मुख्य आयोजन में करीब डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा
आर्मी डे परेड के दौरान सेना के हेलीकॉप्टर से पूरे परेड रूट पर पुष्प वर्षा की जाएगी। इसकी भी प्रैक्टिस जारी है। इसके साथ ही अत्याधुनिक तकनीकों से लैस अलग अलग हेलिकॉप्टर भी आसमान में उड़ान भरते दिखाई देंगे।
पाकिस्तान में तबाही करने वाला ब्रह्मोस भी
हाल ही में भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की धरती पर तबाही मचाने वाला भारत का हाई स्पीड सुपरसोनिक मिसाइल ब्रह्मोस समेत कई मिसाइलों का प्रदर्शन जारी है। बता दें कि इंडिया की सुपरसोनिक मिसाइल ब्रह्मोस 290 किमी दूर दुश्मनों के ठिकानों को तबाह कर सकता है। इस मिसाइल की खासियत इसकी स्पीड है जो रडार के पकड़ से दूर होती है। सटीकता ऐसी की 290 किलोमीटर दूर टारगेट के 1 मीटर के रेंज में जाकर अटैक करता है।
ई मित्र से भी करवा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
आम लोगों की एंट्री के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। कोई भी नागरिक अपने परिवार के साथ परेड देखने के लिए sso.rajasthan.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपनी SSO ID से लॉगिन कर सकता है। लॉगिन के बाद सिटीजन ऐप लिंक में जाकर ‘Army Day Parade Registration’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। यहां केवल दो कॉलम भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा किया जा सकता है। एक व्यक्ति अधिकतम दो रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। इसके अलावा ई-मित्र केंद्र के जरिए भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
रजिस्ट्रेशन के बाद मिलेगी पूरी जानकारी
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आवेदक को मोबाइल पर एक मैसेज आएगा। इस संदेश के जरिए जरूरी दिशा-निर्देश पढ़े जा सकेंगे। इसके साथ ही रूट मैप और पार्किंग मैप भी ऑनलाइन देखे जा सकेंगे, जिससे परेड स्थल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
06 जनवरी की शाम से 14 जनवरी तक खुला रहेगा रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की यह सुविधा मंगलवार, 06 जनवरी 2026 की शाम से शुरू होकर 14 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी। रजिस्ट्रेशन के दौरान आवेदक यह भी चुन सकता है कि वह 9, 11, 13 या 15 जनवरी में से किस दिन की परेड देखना चाहता है। परेड देखने आने वाले लोगों को सुबह 8:45 बजे तक परेड स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परेड समाप्त होने से पहले किसी को भी स्थान छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परेड के दौरान अनुशासन के साथ करना होगा सुरक्षा नियम का पालन
सेना की ओर से आमजन से अपील की गई है कि परेड के दौरान अनुशासन बनाए रखें। सुरक्षा कारणों से ड्रोन, कैमरा, लेडीज पर्स, ज्वलनशील पदार्थ, पाउडर, बैग, किसी भी तरह की नुकीली वस्तु या आपत्तिजनक सामग्री के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी विजिटर्स को सुरक्षा जांच के बाद ही परेड स्थल में प्रवेश दिया जाएगा।


