सतना जिले में नागौद-मैहर के बीच निर्माणाधीन 61 किलोमीटर लंबी टू-लेन सड़क के ठेकेदार मेसर्स रविशंकर जायसवाल पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। उचेहरा तहसील क्षेत्र में ओवर बर्डन हटाने की अनुमति की आड़ में आधा एकड़ क्षेत्र में पत्थर का अवैध उत्खनन किया गया। राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई कर पोकलेन मशीन और एक हाइवा जब्त किया है। संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण मंगलवार को उचेहरा एसडीएम सोमेश द्विवेदी, तहसीलदार ज्योति पटेल, जिला खनिज अधिकारी दीपमाला तिवारी और खनिज निरीक्षक राकेश देशमुख की संयुक्त टीम उचेहरा तहसील के पटवारी हल्का भउरहा पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि सड़क निर्माण के लिए आराजी नंबर 97 में ओवर बर्डन हटाने की अनुमति का दुरुपयोग करते हुए पत्थर का खनन किया गया। निकाले गए पत्थर का उपयोग सड़क निर्माण कार्य में किया जा रहा था। पोकलेन और हाइवा जब्त मौके से एक पोकलेन मशीन और एक हाइवा को जब्त कर लिया गया। दोनों वाहनों को परसमनिया पुलिस चौकी में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। सूत्रों के अनुसार ठेकेदार को उचेहरा तहसील क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर मिट्टी खनन और ओवर बर्डन हटाने की अनुमति दी गई थी। ठेकेदार अब तक करीब 2 करोड़ रुपए की खनिज रॉयल्टी जमा कर चुका है। सखौहा में बड़ा खुलासा जांच में सखौहा क्षेत्र में करीब 13 हजार घन मीटर पत्थर का अवैध खनन पाया गया है। यह खनन लगभग आधा एकड़ क्षेत्र में किया गया। जिला खनिज अधिकारी दीपमाला तिवारी के अनुसार अवैध खनन के मामले में ठेकेदार पर लगभग 5 करोड़ रुपए तक की पेनल्टी अधिरोपित की जा सकती है। कलेक्टर न्यायालय में भेजा जाएगा प्रकरण खनिज विभाग अब सड़क ठेकेदार के खिलाफ अवैध खनन का प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रहा है। अवैध खनन की जानकारी होने के बावजूद समय पर अधिकारियों को सूचना नहीं देने पर एसडीएम उचेहरा ने पटवारी उपेन्द्र पाल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।


