गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत हेलमेट बाइक रैली निकाली गई। इस रैली को नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य शासन के निर्देशानुसार पूरे छत्तीसगढ़ में 1 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। पुलिस कंट्रोल रूम गौरेला में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा माह के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों के पालन और यातायात व्यवस्था में आम जनता के सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता रथ रवाना यातायात नियमों का पालन कराने और सड़क सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता लाने के लिए जागरूकता रथ और हेलमेट बाइक रैली को रवाना किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। जागरूकता रैली पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर रेलवे स्टेशन, मंगली बाजार, बायपास, बस स्टैंड और संजय चौक होते हुए वापस कंट्रोल रूम पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल सहित पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


