बालाघाट में एनएसयूआई ने बुधवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला जलाया। कांग्रेस के छात्र संगठन ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों और मंत्री की कथित अमर्यादित भाषा के विरोध में यह प्रदर्शन किया। इस घटना में 18 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिसकर्मियों ने अधजले पुतले को किया जब्त पीजी कॉलेज के सामने एनएसयूआई छात्र नेता शिवम शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुतला दहन के ऐलान के चलते कॉलेज के सामने कार्यकर्ताओं से ज्यादा पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने जलते पुतले को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। बाद में पुलिसकर्मियों ने अधजले पुतले को जब्त कर लिया। अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का लगाया आरोप एनएसयूआई छात्र नेता शिवम शर्मा ने बताया कि इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जिम्मेदार हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि कई मौतों के बाद भी मंत्री की संवेदनशीलता नहीं जागी और उन्होंने मामले में लगातार अमर्यादित भाषा का उपयोग किया। मंत्री विजयवर्गीय को पद से हटाने की मांग एनएसयूआई ने यह भी कहा कि सरकार मंत्री विजयवर्गीय को पद से हटाने के बजाय उन्हें बढ़ावा दे रही है, जिससे उनका घमंड बढ़ रहा है। कांग्रेस मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पद से हटाने के लिए चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रही है, और यह पुतला दहन उसी आंदोलन का हिस्सा है।


