सिंगरौली जिले में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की निगाही परियोजना की जमीन पर अवैध निर्माण और कब्जे का मामला सामने आया है। नेहरू अस्पताल के सामने मुख्य सड़क पर स्थित प्रगति पैथोलॉजी लैब के पीछे एनसीएल की बेशकीमती भूमि पर खुलेआम अवैध निर्माण किया जा रहा है। आरोप है कि भू-माफिया एनसीएल की इस जमीन पर अवैध कब्जा कर प्लाटिंग कर रहे हैं और इसकी धड़ल्ले से बिक्री भी की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस गतिविधि को लेकर तनाव व्याप्त है। बताया जा रहा है कि एनसीएल निगाही परियोजना के सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार इन अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई का प्रयास किया है। हालांकि, भू-माफिया बेखौफ होकर कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भू-माफियाओं की दबंगई साफ देखी जा सकती है। वीडियो में वे न केवल अवैध निर्माण करते दिख रहे हैं, बल्कि शासन-प्रशासन को खुली चुनौती भी दे रहे हैं।


