रतलाम के व्यापारी का राजस्थान में सुसाइड अटेम्प्ट:वीडियो में बेटे से कहा- मैं दूर चला जाऊंगा, प्रॉपर्टी में लॉस हुआ; मां-बहन का ख्याल रखना

रतलाम के एक व्यापारी ने प्रॉपर्टी बिजनेस में नुकसान और कर्ज से परेशान होकर राजस्थान के बांसवाड़ा में माही नदी में कूद जान देने की कोशिश की। सुसाइड अटेम्प्ट के पहले व्यापारी ने अपना एक वीडियो बनाकर अपने 20 साल के बेटे को भेजा। बेटे ने वीडियो देख रतलाम पुलिस को सूचना दी। रतलाम पुलिस ने बांसवाड़ा पुलिस को वीडियो के बारे में बताया। पुलिस सर्चिंग करते हुए पहुंची तो व्यापारी बेसुध अवस्था में माही नदी में मिले। मामला बांसवाड़ा के आंबापुरा थाना क्षेत्र के माही नदी के गेमन पुल का मंगलवार रात 11 बजे का है। व्यापारी रतलाम से यहां सुसाइड करने पहुंचा था। व्यापारी का नाम संतोष (45) पिता मोहनलाल तेली है। यह प्रॉपर्टी के कारोबारी है। पुलिया से 800 मीटर दूर बेसुध मिले
रतलाम पुलिस द्वारा लोकेशन बताने के बाद बांसवाड़ा की पुलिस सर्चिंग करते हुए माही नदीं पर पहुंची। नदी के पुलिया से 800 मीटर दूर व्यापारी बेसुध अवस्था में मिले। बांसवाड़ा पुलिस के SHO रमेश मीणा ने बताया मंगलवार देर रात रतलाम थाना पुलिस से सूचना मिली थी कि रतलाम के माणक चौक निवासी संतोष (45) पुत्र मोहनलाल तेली प्रॉपर्टी कारोबारी हैं। सुसाइड अटेम्प्ट की बात कहने का एक वीडियो उनके बेटे के पास आया है। कृपया सर्च करें। रतलाम पुलिस ने माही नदी के गेमन पुलिया के पास की लोकेशन बताई थी। इसके बाद तुरंत गेमन पुलिया पर पहुंचे। वहां संतोष का मोबाइल और जूते पड़े मिले। दो रेस्क्यू बोट पानी में उतारी गई। पुलिया के आसपास लाइट नहीं थी। सर्दी के कारण कोहरा भी था। ऐसे में रेस्क्यू टीम ने टॉर्च के जरिए सर्च ऑपरेशन चलाया। नदी का चप्पा-चप्पा छाना। इस दौरान पुलिया से लगभग 800 मीटर की दूरी पर संतोष बेसुध हालत में पानी में नजर आ गए। उनका मुंह पानी से बाहर था। एसएचओ ने बताया संतोष को तुरंत बांसवाड़ा के एमजीएच अस्पताल पहुंचाया। रात करीब 12 बजे संतोष को वार्ड में शिफ्ट किया गया। जहां इलाज जारी है। बेटे का नाम पुकार रहे थे
बांसवाड़ा पुलिस के एसएचओ रमेश मीणा ने दैनिक भास्कर डिजिटल को बताया कि रतलाम से सूचना मिलने के बाद रात को सर्च करने के लिए मौके पर पहुंच गए थे। परिजन भी आ गए थे। जब हम सर्च कर रहे थे तब एक कोने से आवाज आई जिसमें वह अपने बेटे लविश का नाम लेकर पुकार रहे थे। आवाज को सुन हम नाव से व्यापारी के पास पहुंचे। वीडियो में बेटे से कहा- मकान बेचकर मम्मी के गहने छुड़वा लेना बेटा मैं बहुत दूर चला जाऊंगा। प्रॉपर्टी में बहुत लॉस हो गया है। अपनी मम्मी का ध्यान रखना। अब एडजस्टमेंट नहीं हो पा रहा है। रोज 1-2 हजार के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। मकान बेचकर मम्मी के गहने छुड़वा लेना बेटा। अब मेरे को ढूंढना मत। मेरे कर्म खराब थे, इसलिए मजबूरी में जाना पड़ रहा है। मेरी इच्छा नहीं थी जाने की। रोज 2000 रुपए कमाने की कोशिश करता हूं
संतोष ने अपने बेटे को जो वीडियो भेजा, वो करीब 7 मिनट का है। इसमें व्यापारी ने कहा- बेटा, मैं बहुत दूर जा चुका हूं। बेटा, मुझ पर बहुत कर्ज हो गया है और अब उस कर्ज की दुनिया छोड़नी पड़ेगी। मम्मी का ध्यान रखना, दीदी का ध्यान रखना। बेटा, मैं बहुत परेशान हूं। बहुत ज्यादा टूट चुका हूं। मैं रोज मेहनत करता हूं। रोज करीब 2000 रुपए कमाने की कोशिश करता हूं, लेकिन प्रॉपर्टी में बहुत नुकसान हो गया है। बेटा, बस उसकी रजिस्ट्री करवा देना। शर्मा जी के पास जाकर रजिस्ट्री का काम करवा लेना। पैसे किसी को मत देना। ज्वेलर से पैसे छुड़वा लेना
वीडियो में व्यापारी ने कहा- मुकेश और लोकेश भैया से बात कर लेना, वो रजिस्ट्री करवा देंगे। शर्मा जी के यहां कागजात तैयार हैं। समय मिले तो रजिस्ट्री करवा लेना। ज्वेलर के पास कुछ रुपए रखे हुए हैं। मुकेश सोनी उसे जानता है, उसने पहले भी वहां पैसे रखवाए थे। उससे बोलना कि वह वहां से पैसे छुड़वा ले। इसके अलावा सोनू के पास भी मेरे गहने हैं। पालीवाल मार्केट में एसके बुलियन नाम की छोटी सी दुकान है। वहां करीब साढ़े तीन लाख रुपए के गहने रखे हैं, उन्हें भी छुड़वा लेना। अब और सहन नहीं हो रहा
वीडियो में व्यापारी ने कहा- बेटा, मैं बहुत थक गया हूं, पूरी तरह टूट चुका हूं। सुबह-शाम यही सोचता रहता हूं कि पैसे कहां से आएंगे। अब और सहन नहीं हो पा रहा। मैं यह वीडियो बांसवाड़ा बस स्टैंड पर बनाकर जा रहा हूं। गाड़ी की चाबी एक्टिवा में ही छोड़ दी है। मम्मी को संभाल लेना, जीजी को भी संभाल लेना। मुझे माफ कर देना। किसी की कोई गलती नहीं है। मैं अपनी मर्जी से जा रहा हूं। अगर पुलिस पूछे तो कहना कि मैंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है। किसी को परेशान करने का इरादा नहीं है। मैंने कोई लोन नहीं लिया है, इसलिए किसी से कुछ कहना नहीं है। सब मुझे माफ कर देना। रतलाम के माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने बताया कि मंगलवार शाम व्यापारी का बेटा घबराते हुए आया था। पिता के सुसाइड अटेम्प्ट का वीडियो बताया। लोकेशन तलाश कर तुरंत बांसवाड़ा पुलिस को सूचना दी। बांसवाड़ा पुलिस ने रात में माही नदी में सर्च कर व्यापारी को तलाश लिया है। बांसवाड़ा में उपचार जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *