डिंडौरी में बुधवार को सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर जिला अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य शिविर लगाया। यहां बस, ऑटो और तूफान जैसे कमर्शियल गाड़ियों के ड्राइवरों को बुलाकर उनकी सेहत और आंखों का चेकअप किया गया। इसका मकसद था कि अगर ड्राइवर फिट रहेगा, तभी सड़क पर सफर सुरक्षित रहेगा। शिविर में पहुंचे एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने ड्राइवर्स को बड़े सरल अंदाज में समझाया। उन्होंने कहा, “गाड़ी चलाना सिर्फ स्टेयरिंग घुमाना नहीं है, आपकी सेहत का सही होना भी जरूरी है। अगर किसी को कम दिखाई देता है या अचानक शुगर-बीपी बढ़ जाए, तो गाड़ी चलाते समय बड़ा हादसा हो सकता है।” उन्होंने ड्राइवर्स से अपील की कि वे समय-समय पर अपनी आंखों की जांच जरूर कराते रहें। जांच के बाद मुफ्त में मिलेंगे चश्मे और दवाइयां इस कैंप में लगभग 140 चालकों का ब्लड टेस्ट और बीपी चेक किया गया। डॉक्टर्स की टीम ने सबका जनरल चेकअप भी किया। खास बात यह है कि जिन ड्राइवर्स की नजर कमजोर पाई गई है, उन्हें विभाग की ओर से मुफ्त में चश्मे दिए जाएंगे। साथ ही, बीमार चालकों को जरूरी दवाइयां भी दी गईं ताकि वे स्वस्थ होकर अपनी ड्यूटी कर सकें। कागज पूरे रखें और नियम न तोड़ें स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ पुलिस ने ड्राइवर्स को ‘ट्रैफिक का पाठ’ भी पढ़ाया। एसडीओपी ने दो-टूक कहा कि सड़क पर चलते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने सलाह दी कि चालान और कानूनी पचड़ों से बचने के लिए अपनी गाड़ी के सभी जरूरी दस्तावेज (जैसे लाइसेंस, बीमा, परमिट) हमेशा साथ रखें। ये अधिकारी रहे मौजूद इस महत्वपूर्ण शिविर को सफल बनाने में आरटीओ सुरेंद्र गौतम, सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय और ट्रैफिक सूबेदार सुभाष उईके समेत पूरी टीम का योगदान रहा।


