राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को इस बार उदयपुर के गांधी ग्राउंड में होना है। इसकी पूर्व संध्या पर फतहसागर की पाल पर ड्रोन शो का आयोजन होगा। इसके जरिये झील के किनारों पर सतरंगी आभा बिखेरी जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा। इसमें लोक कलाकार राजस्थान की सांस्कृतिक विरासतों से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देंगे। सेना के शस्त्रों की प्रदर्शनी के अलावा घुड़सवारी शो व फूलों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। ड्रोन शो पर करीब 50 लाख रुपए खर्च होंगे। संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी और कलेक्टर अरविंद पोसवाल के निर्देशन में समारोह की तैयारियां जारी हैं। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले 25 जनवरी को शाम 4 बजे सहेलियों की बाड़ी में एट होम कार्यक्रम भी होगा। प्रमुख स्थानों व चौराहों पर सजावट का काम जारी : कलेक्टर पोसवाल ने सोमवार को गांधी ग्राउंड में मार्च पास्ट, पीटी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों आदि का पूर्वाभ्यास देखा। कलेक्टर पोसवाल ने वीवीआईपी आगमन, बैठक व्यवस्था, ध्वजारोहण, झांकी प्रदर्शन आदि की व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए। शहर के सभी प्रमुख स्थलों, चौराहों आदि पर रंग-बिरंगी लाइटिंग और विशेष सजावट की जा रही है। सांस्कृतिक गौरव-ऐतिहासिक धरोहरों की झांकियां होंगी समारोह में विभिन्न विभागों, संभागीय मुख्यालयों और चयनित जिलों की झांकियां भी शामिल होंगी। इनमेंं एक साल में अर्जित की गई विशिष्ट उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित होगी। इस दौरान विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा करने के लिए चल रहे प्रयासों की झलक भी देखने को मिलेगी। संभाग व जिलों की झांकियों में सांस्कृतिक गौरव, ऐतिहासिक धरोहरों और क्षेत्र विशेष की विशिष्टता दिखाई जाएगी।


