हरदा जिला मुख्यालय के छीपानेर रोड पर पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की गई है। यह मांग समाजसेवी शुभम सुरमा ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक शशांक को ज्ञापन सौंपकर की। ज्ञापन में बताया गया कि छीपानेर रोड पर लगातार आपराधिक घटनाएं और सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है और यहां यातायात का दबाव भी बना रहता है। क्षेत्र में पुलिस की स्थायी उपस्थिति न होने के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। आम नागरिकों की इस मार्ग पर निरंतर आवाजाही रहती है। किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति में पुलिस सहायता समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे जनसुरक्षा प्रभावित होती है। गौरतलब है कि छीपानेर रोड पर शराब दुकान खुलने के बाद से कई बार विवाद की स्थिति बनी है और दर्जनों दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। सुरमा ने एसपी से आग्रह किया कि जनहित और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए छीपानेर रोड पर एक पुलिस चौकी स्थापित की जाए। इससे अपराधों और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा।


