मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती महिला की अत्यधिक ब्लडिंग से मौत हो गई। महिला को मासिक धर्म शुरू हुआ था। अत्यधिक ब्लडिंग के कारण उसे सूरजपुर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। वहां ठीक नहीं होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के रामानुजनगर ब्लॉक अंतर्गत कौशलपुर निवासी महिला कमलेश्वरी राजवाड़े (34 वर्ष) को एक जनवरी 2026 को मासिक धर्म शुरू होने के बाद अत्यधिक ब्लडिंग होने लगा तो उसे परिजनों ने सूरजपुर के बीएल मेमोरियल मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज किया जा रहा था। डॉक्टरों ने खून की कमी बताई तो उसे ब्लड भी चढ़ाया गया था। हालत बिगड़ने पर किया गया रेफर
06 जनवरी तक महिला की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ एवं उसकी हालत बिगड़ गई तो बीएल मेमोरियल हॉस्पिटल से उसे देर रात अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर रात 1.15 बजे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत बिगड़ी हुई थी एवं उसे जब यहां लाया गया तो उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। परिजनों ने मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।


