मऊगंज थाने के ठीक सामने एक बुजुर्ग से 22,500 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े कार सवार ठगों ने बुजुर्ग को झांसे में लेकर उनकी जेब से नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए। यह घटना बुधवार शाम की है। दरअसल, वार्ड क्रमांक 4 वेयरहाउस के पास रहने वाले हजारी लाल गुप्ता अपने भतीजे की शादी के लिए उधार लिए गए जेवरात का भुगतान करने प्रदीप ज्वैलर्स जा रहे थे। उन्होंने अपनी जैकेट की जेब में 22,500 रुपए नकद रखे थे। युवकों ने जबरदस्ती कार में बैठाया, चुपके से जेब से निकाले पैसे जैसे ही वे मऊगंज थाना के सामने पहुंचे, एक कार में सवार युवकों ने उन्हें रोका। युवकों ने खुद को परिचित बताया, हालचाल पूछा और फिर चाय पीने चलने का प्रस्ताव दिया। जब हजारी लाल ने चाय पीने से मना किया, तो ठगों ने कार के शॉकअप चेक करने का बहाना बनाया और उन्हें जबरन कार में बैठा लिया। कुछ दूरी पर ले जाकर आरोपियों ने उन्हें कार से उतारा और मौके से फरार हो गए। जब हजारी लाल ने अपनी जेब जांची तो 22,500 रुपए गायब थे। पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई ठगी की शिकायत ठगी का शिकार होने के बाद हजारी लाल सीधे मऊगंज थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने सादे कागज पर रिपोर्ट लेकर जांच का आश्वासन दिया और उन्हें घर भेज दिया। थाने के ठीक सामने हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में जांच जारी होने की बात कही है।


