पाली में पिछले दो दिनों से सर्दी का असर कुछ कम हुआ है। ऐसे में लोगों ने भी सर्दी से कुछ राहत महसूस की है। मौसम विभाग की माने तो मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह के समय पांच किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल रही थी। अगले एक-दो दिनों तक इसी तरह सर्दी से लोगों को राहत रहेगी। पाली शहर की बात करे तो सुबह के समय मौसम साफ रहा। स्कूल जाने वाले स्टूडेंट और वॉकिंग पर निकले शहरवासी गर्म कपड़ों में दिखे। शहर की चाय की कई थड़ियों पर लोग चाय की चुस्कियां लेते नजर आए। लेकिन सर्दी कम होने के चलते आज अलाव नहीं ताप रहे थे। सड़कों पर भी अन्य दिनों की अपेक्षा मंगलवार सुबह वाहनों की संख्या ज्यादा देखने को मिली। मौसम विभाग की माने तो अगले कुछ दिनों तक इसी तरह सर्दी से शहरवासियों को राहत मिलेगी।


