एमसीएच यूनिट के निर्माण कार्यों में तेजी लाएं: व्यास

भास्कर न्यूज ​ | जशपुरनगर जशपुर जिले में विकास कार्यों को गति देने और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर रोहित व्यास ने निर्माण विभागों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन और हाउसिंग बोर्ड के कार्यों की सघन समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। ​कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा। उन्होंने सीजीएमएससी द्वारा जिले के दूरस्थ अंचलों में बनाए जा रहे अधोसंरचनाओं की समीक्षा की। इस दौरान कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सब हेल्थ सेंटर, और एमसीएच यूनिट के कार्यों में तेजी लाई जाए। ​सहायक सुविधाएं जैसे वैक्सीन स्टोरेज यूनिट, मीटिंग हॉल और फायर फाइटिंग सिस्टम की स्थापना को जल्द पूर्ण करें ताकि स्वास्थ्य केंद्र सुचारू रूप से कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंच सकेगी। इसकी तरह ​हाउसिंग बोर्ड द्वारा संचालित प्रशासनिक और खेल संबंधी परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने तहसील भवनों, मिनी स्टेडियम, छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों और परियोजना कार्यालयों के निर्माण की वर्तमान स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ​कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि तकनीकी त्रुटियां न हों, ​निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो, आधारभूत सुविधाओं के विकास में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरतें। ​कलेक्टर ने कहा कि जिले के नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सभी निर्माण एजेंसियां लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें ताकि आम जनता को समय पर इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। ​इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक, सीजीएमएससी और हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता, एसडीओ और अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण न होने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *