जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस की परेड का पूर्वाभ्यास मंगलवार से शुरू हो गया है। इस वर्ष की परेड में 12 प्लाटून और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बैंड पार्टी हिस्सा ले रही है। सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में सभी प्लाटून के जवानों को परेड की बारीकियों की जानकारी दी गई। इसमें सावधान, विश्राम, दाएं चल, बाएं चल जैसे मूलभूत परेड कमांड का गहन अभ्यास कराया गया। साथ ही प्लाटून कमांडरों को अपनी-अपनी टुकड़ियों की अगुवाई के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया। गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह राज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां डीसी परेड का निरीक्षण करेंगे। यह पूर्वाभ्यास 23 जनवरी तक चलेगा और अंतिम दिन डीसी द्वारा परेड की तैयारियों का विशेष निरीक्षण किया जाएगा। इस कड़े अभ्यास का उद्देश्य गणतंत्र दिवस पर एक भव्य और अनुशासित परेड का प्रदर्शन करना है।


