मनाली को मिली 206 करोड़ की विकास योजनाएं:46 करोड़ का वेलनेस सेंटर बनेगा, नग्गर कैसल के संरक्षण पर खर्च होंगे 11.57 करोड़

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मनाली में राष्ट्रीय शरदोत्सव के दौरान कुल्लू-मनाली क्षेत्र के लिए 206.08 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने 59.21 करोड़ रुपए की 8 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और 147.59 करोड़ रुपए की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मनाली में 46.25 करोड़ रुपए की लागत से एक आधुनिक वेलनेस सेंटर का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, ऐतिहासिक नग्गर कैसल के संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए 11.57 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वर्ष 2023 में ब्यास नदी में आई भीषण बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं। प्रमुख परियोजनाओं में कुल्लू-मनाली वाम तट पर 8.02 करोड़ की सुरक्षा दीवार, 2.21 करोड़ की बाईपास सड़क, 15 मील में 12.08 करोड़ का डबल लेन पुल शामिल हैं। इसके अलावा, विभिन्न ग्राम पंचायतों में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए लगभग 8-9 करोड़ रुपए प्रति परियोजना आवंटित किए गए हैं। विधायक भुवनेश्वर गौड़ की मांग पर मनाली के रांगड़ी से वाम तट को जोड़ने वाले 15 करोड़ के पुल और मनाली के क्लॉथ में हॉट बाथ सेंटर को भी मंजूरी दी गई है। विधायक ने इन विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *