शिमला जिले के रामपुर में नेशनल हाईवे-5 स्थित ब्रोनी खड्ड में पुल निर्माण की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस काम के लिए विशेष टीम को बुलाया है, जो मिट्टी की जांच कर रही है। यह टीम यह पता लगा रही है कि कहां पर पक्की जमीन है और कितनी खुदाई के बाद चट्टान मिलेगी। इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर पुल का डिजाइन तैयार किया जाएगा। अब तक खर्च किए जा चुके करोड़ों रुपए
रामपुर को किन्नौर से जोड़ने वाले इस नेशनल हाईवे पर ब्रोनी खड्ड एक बड़ी समस्या बना हुआ है। हर बरसात में ये जगह वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन जाती है। करीब 200 मीटर की सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
ये हर साल और अधिक खराब होती जा रही है। प्राधिकरण द्वारा अब तक करोड़ों रुपए क्रेट वॉल पर खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं मिल पाया है। मिट्टी और चट्टानों की प्रकृति की हो रही जांच
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण रामपुर के कार्यकारी अभियंता के.एल. सुमन के अनुसार, विशेष टीम ब्रोनी में मिट्टी और चट्टानों की प्रकृति की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने कई बार पुल निर्माण की मांग की थी। पहले भी यहां पुल की संभावनाएं तलाशी गई थीं, लेकिन कोई विकल्प नहीं मिल पाया था। अब प्राधिकरण ने राजमार्ग से कुछ मीटर नीचे उतरकर पुल निर्माण की नई कोशिश शुरू की है। यदि यह प्रयास सफल होता है, तो इस क्षेत्र की एक बड़ी समस्या का समाधान हो सकेगा।


