रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने बुधवार को हुलहुंडू पल्ली फातिमा चर्च परिसर में नए चर्च के निर्माण के लिए भूमि आशीष की धर्मविधि कराई। हुलहुंडू पल्ली का इतिहास बहुत पुराना है और उस समय के आधार पर चर्च का निर्माण किया गया था। लेकिन वर्तमान समय में पल्ली के विश्वासियों ने बढ़ती संख्या के मद्देनजर बड़ा गिरजाघर बनाने की योजना बनाई गई है। जल्द ही गिरजाघर निर्माण का शिलान्यास रखा जाएगा। आर्चबिशप ने पल्ली के विश्वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हम सब विश्वासी ही कलीसिया व गिरजा हैं। गिरजाघर हमारे विश्वास का चिह्न मात्र है, जहां हम बिना किसी बाधा के प्रार्थना करने की सुविधा पाते हैं। जैसे ईंट, छड़, बालू एक साथ मिलकर इस गिरजाघर का निर्माण करेंगे वैसे ही हम विश्वासियों को एक साथ मिलकर प्रेम और सहानुभूति दिखाते हुए एक-दूसरे का साथ देते हुए जीवन यापन करना है। उन्होंने लोगों से एक मन और एक हृदय बनने की बात कही। कहा कि इसी से हमारी कलीसिया मजबूत होगी। इस गिरजाघर का निर्माण कार्य विश्वासियों से प्राप्त धनराशि से किया जाएगा। चर्च के पल्ली पुरोहित फादर विंसेंट मिंज ने बताया कि 11 फरवरी को नए चर्च का शिलान्यास रखा जाएगा। नए चर्च का निर्माण पुराने चर्च परिसर में ही किया जाएगा। जिसमें ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर बनाया जाएगा। ग्राउंड फ्लोर का उपयोग हॉल के रूप में किया जाएगा। फर्स्ट फ्लोर में मिस्सा-प्रार्थना होगी। लीवंस एकेडमी विद्यालय शाखा का होगा शुभारंभ इस अवसर पर आर्चबिशप ने घोषणा की कि इस वर्ष मार्च महीने से लीवंस एकेडमी विद्यालय शाखा का शुभारंभ अपोस्तलिक स्कूल हुलहुंडू में होगा। जल्द ही लीवंस एकेडमी विद्यालय, हुलहुंडू के बिल्डिंग का कार्य भी आरंभ होगा। प्रकाश उच्च विद्यालय, हुलहुंडू में भी +2 के शीघ्र निर्माण की संभावना भी व्यक्त की। इस अवसर पर हुलहुंडू के पल्ली पुरोहित फा. विंसेंट मिंज, फा. थॉमस पोवाथिल, फा. एडविन मिंज, फा. नेल्सन बारला, फा. जॉर्ज टोप्पो, फा. इग्नेशियस केरकेट्टा सहित अन्य मौजूद थे। प्रारूप… निर्माण के बाद ऐसा भव्य दिखेगा नया चर्च पुराने चर्च परिसर में ही होगा नए चर्च का निर्माण, फर्स्ट फ्लोर पर होगी मिस्सा


