छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में नेशनल हाईवे 30 पर हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। सिटी कोतवाली क्षेत्र के लंजोड़ा गांव के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब फरसगांव से कोंडागांव की ओर आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना के समय बाइक इतनी तेज रफ्तार में थी कि चालक का वाहन पर से नियंत्रण पूरी तरह खो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक फरसगांव क्षेत्र के रहने वाले थे। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


