छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा के बाद तैयारियां तेजी हो गई हैं। जिला पंचायत के मंथन कक्ष में एकदिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम में 40 मास्टर ट्रेनर्स को चुनाव प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन त्रिपाठी ने बताया कि पंचायत चुनाव जिले में दो चरणों में होंगे, जबकि नगरीय निकाय चुनाव एम2 सीरीज ईवीएम से किए जाएंगे। उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स को ईवीएम की तकनीकी जानकारी और संचालन प्रक्रिया को समझने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मास्टर ट्रेनर्स को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के साथ छोटे दलों में तैनात करने की योजना बनाई है। यह व्यवस्था आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने में सहायक होगी। मतगणना में बरतनी होगी अतिरिक्त सतर्कता कलेक्टर ने पंचायत चुनावों की संवेदनशीलता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में जीत-हार का अंतर बहुत कम होता है, इसलिए मतगणना में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। मास्टर ट्रेनर्स से यह भी कहा गया कि वे चुनाव ड्यूटी में असमर्थ कर्मचारियों की सूची तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय को सौंपे। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स को यह स्पष्ट किया गया कि वे निर्वाचन प्रक्रिया की रीढ़ हैं और उनके प्रशिक्षण से ही मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष और व्यवस्थित चुनाव सुनिश्चित किए जा सकेंगे। उन्हें केवल प्रमाणित जानकारी साझा करने और मानसिक रूप से तैयार रहने की सलाह दी गई।


