जोधपुर स्थित वायु सेना स्टेशन पर एयरफील्ड एन्वायरमेंटल मैनेजमेंट कमेटी की बैठक संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें वायु सेना स्टेशन जोधपुर के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ असैनिक अधिकारियों ने भी हिस्सा लेकर जोधपुर वायु सेना स्टेशन में संचालित सैन्य व नागरिक विमानों की सुरक्षा के संबंध में चर्चा की गई। रक्षा प्रवक्ता कर्नल अमिताभ शर्मा के अनुसार एयरफील्ड एन्वायरमेंटल मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में मुख्य रूप से खुले नाले, बढ़ते अनधिकृत आवास और वायु सेना स्टेशन के आसपास खुले क्षेत्रों में पक्षियों को मिल रहे भोजन के चलते पक्षियों के बढ़ते खतरे के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की गई। कमेटी ने वायुसेना स्टेशन पर बढ़ते नील गाय तथा पक्षियों के खतरे को कम करने के लिए निवारक कार्रवाई (प्रिवेंटिव एक्शन) करने के लिए नागरिकों को इन खतरों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें शिक्षित करने की आवश्यकता और दीमक प्रभावित क्षेत्रों से निपटने के लिए प्रभावी उपायों पर भी चर्चा की गई। बैठक में जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए), जोधपुर नगर निगम (एनएनजे) और वन विभाग को उचित निर्देश देते हुए, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने कमेटी में आए मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए भारतीय वायु सेना से नियमित अनुवर्ती कार्रवाई करने का भी आग्रह किया।


