शराब में सुहागा मिलाकर युवक को मार डाला:सारंगढ़ में नौकरी के लिए पैसे दिए, न जॉब लगी और न रकम वापस किए, 3 अरेस्ट

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पैसों के लेनदेन चलते युवक की हत्या कर दी। शराब में सुहागा मिलाकर युवक को बेहोश किया गया। फिर उसे महानदी में फेंक दिया। डूबने से उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला कोसीर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान लिलेश साहू (38) निवासी ग्राम हसौद के रूप में हुई है। लिलेश ने नौकरी लगवाने के नाम तीनों युवकों से 10 हजार और 20 हजार रुपए लिए थे। लेकिन वह न नौकरी लगवा रहा था और न पैसे वापस कर रहा था। ऐसे में युवकों ने हत्या की साजिश रची और मौका पाते ही वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, मामला 20 सितंबर 2023 को सामने आया था। जब सारंगढ़ थाना क्षेत्र के महानदी किनारे ग्राम छर्रा में एक अज्ञात शव मिला। सूचक सुरेश बंजारे की सूचना पर सारंगढ़ पुलिस ने मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान यह हत्या का मामला (धारा 302, 201, 34 भादवि) पाया गया। क्योंकि घटनास्थल कोसीर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर मिरौनी डेम का था, इसलिए सारंगढ़ में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला कोसीर थाने को स्थानांतरित कर दिया गया। नौकरी के नाम पर ठगी पुलिस की जांच में सामने आया है कि लिलेश साहू ने नौकरी लगवाने के नाम पर चुडामणी साहू (48), नंदकिशोर उर्फ नंदू साहू (28), दुजराम साहू (30),रविशंकर और बोधराम साहू से पैसे लिए थे। जब नौकरी और पैसे नहीं मिले तो पांचों ने हत्या की साजिश रची। शराब में सुहागा मिलाकर किया बेहोश 18 सितंबर 2023 को रविशंकर, बोधराम साहू, चुडामणी साहू, नंदकिशोर उर्फ नंदू साहू और दुजराम साहू ने मिलकर लिलेश को शराब पिलाने के लिए हसौद शराब भट्ठी ले गए। वहां उन्होंने शराब में सुहागा मिलाकर उसे पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। महानदी में फेंककर की हत्या इसके बाद वे उसे मोटरसाइकिल से सिंघनपुर मिरौनी बैराज ले गए और बेहोशी की हालत में महानदी में फेंककर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद पुलिस ने रविशंकर और बोधराम साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों जुर्म स्वीकार किया। पहले दो आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूला इसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था। मामले में बुधवार को पुलिस ने चुडामणी साहू, नंदकिशोर उर्फ नंदू साहू और दुजराम साहू को गिरफ्तार किया।सभी ने जुर्म स्वीकार किया। आरोपियों के पास से एक कार और दो बाइक जब्त की गई है। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *