मंदसौर जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंबल नदी के करेलिया टापू से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया है। अधिकारियों ने 2083.400 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है, जो 103 प्लास्टिक बैग में भरकर रखा गया था। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई सीबीएन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शमगढ़ तहसील के चंबल नदी के डूब क्षेत्र में स्थित करेलिया टापू पर मादक पदार्थ छिपाए गए हैं। मंगलवार को सीबीएन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम नाव से और दूसरी टीम पैदल मार्ग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मौके पर पहुंचकर एक एकांत घर की तलाशी ली। बरामद डोडाचूरा को नदी और दुर्गम इलाके के कारण पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से मुख्य सड़क तक लाया गया। इसके बाद इसे तीन पिकअप वाहनों के जरिए सीबीएन के गरोठ कार्यालय पहुंचाया गया। नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज सीबीएन ने इस मामले में नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेज (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है और मामले में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।


