शहडोल जिले के ब्यौहारी में बुधवार रात अवैध रेत खनन रोकने गए तहसीलदार पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। माफियाओं ने तहसीलदार के सरकारी वाहन को टक्कर मारी। पीछा करने के दौरान ट्रैक्टर मालिक का पुत्र बाइक से मौके पर पहुंचा। उसने नायब तहसीलदार से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। यह घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र के खरपा तिराहे के पास हुई। तहसीलदार शनि द्विवेदी और उनकी टीम जंगल से आ रहे रेत से लदे एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान माफियाओं ने तहसीलदार के सरकारी बोलेरो वाहन को टक्कर मार दी और भागने लगे। घटना से जुड़ी दो तस्वीरें देखिए… क्या है वीडियो में वीडियो में नजर आ रहा है कि तहसीलदार सायरन बजाती चल रही अपनी सरकारी कार से तेज रफ्तार से चल रहे ट्रैक्टर-ट्राली का पीछा कर रहे हैं। इतने में ट्राली में बैठा शख्स फावड़े से पहले एक तरफ का फिर दूसरी तरफ का डाला खोल देता है। इतने में ट्रैक्टर चालक हाइड्रोलर से ट्राली ऊंची कर देता है और जिग-जैग ड्राइविंग करने लगता है। सड़क पर रेत फैलने लगती है।
तहसीलदार की कार उसका पीछा करती है। कार में बैठे दो लोग आपस में पुलिस बुलाने की बात करते हैं। इस दौरान ट्रैक्टर की स्पीड और तेज हो जाती है। इसी दौरान ट्राली से कुछ सेकंड के अंतर से कुछ सामान सड़क पर गिरता है। मामला दर्ज नायब तहसीलदार शनि द्विवेदी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ट्रैक्टर (नंबर MP 18 ZG 4011) को रोकने का प्रयास करने पर सरकारी वाहन को टक्कर मारी गई। पीछा करने पर माफियाओं ने मारपीट का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने कामता बैस (पिता जमुना बैस) और अमरदीप बैस उर्फ झब्बू (पिता कामता बैस), दोनों निवासी ग्राम सरवाही खुर्द, थाना ब्यौहारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यौहारी थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) ऋषभ चारी ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। तहसीलदार पर हमले की सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए छह अन्य ट्रैक्टरों को भी जब्त किया है।


