टोंक के पीपलू थाना इलाके के गहलोत गांव में पिछले महीने रंजिश में दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में पुलिस ने हमला में इस्तेमाल की गई दो पिकअप गाड़ियों को जब्त किया है। जानकारी अनुसार 17 दिसंबर की सुबह कार सवार हसीन खान समेत अन्य बदमाशों ने गहलोद चौराहा पर बैठे मुकेश व कालू जाट पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। दोनों के हाथ पैरों में फ्रैक्चर हो गया था। स्थानीय लोगों ने हमला करने वाले आरोपियों को बजरी माफिया बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी। ग्रामीणों ने झाड़ियां लगाकर रास्ता जाम कर दिया था। हमले में घायल हुए दो लोगों में से मुकेश जाट की 24 दिसंबर 2025 को जयपुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने अगले दिन गहलोद गांव में बनास नदी पर बने हाई लेवल ब्रिज के पास गहलोद चौराहा पर करीब चार घंटे धरना-प्रदर्शन किया था। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपए और घायल को 10 लाख रुपए आर्थिक सहायता दिलाए जाने की अनुशंषा करने, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी व बजरी खनन में लिप्त पुलिसकर्मी के निलंबन सहित अन्य मांगों पर लिखित आश्वासन दिया था। इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त किया था। अब तक इस मामले में अभी तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।


