बरनाला में ऑनलाइन ठग गिरोह का भंडाफोड़:7 गिरफ्तार, 6 बिहार और एक कर्नाटक का, 23 लाख रुपए फ्रीज करवाए

पंजाब के बरनाला जिले में साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 6 बिहार के और एक कर्नाटक का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने अब तक लोगों से 58 लाख रुपए की ठगी की है। यह गिरोह लोगों को बड़ी कंपनियों की फ्रेंचाइजी दिलाने, ऑनलाइन लोन देने, ऑनलाइन सामान बेचने, सीमेंट और होटल बुकिंग करने का झांसा देकर ठगी करता था। आरोपी पीड़ितों को फोन करके अपने जाल में फंसाते थे। डीएसपी सिटी सतवीर सिंह ने बताया कि फ्रेंचाइजी देने के नाम पर 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पहले बिहार निवासी अशोक कुमार और श्याम सुंदर को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के आधार पर राहुल कुमार, उत्तम, विशाल, अभिषेक कुमार, रोशन कुमार (सभी बिहार निवासी) और दयानंद (कर्नाटक निवासी) को भी गिरफ्तार किया गया। कई राज्यों में की ठगी जांच में पता चला है कि इस गिरोह ने केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि इलाहाबाद, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, हरियाणा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और केरल सहित कई अन्य राज्यों में भी लोगों को ठगा है। देश के अन्य हिस्सों में इन्होंने करोड़ों रुपए की ठगी की है। इन पर अब तक 6 मामले दर्ज हो चुके हैं और देश भर में कई शिकायतें लंबित हैं। 23 लाख रुपए फ्रीज करवाए साइबर क्राइम सेल की टीम ने इस बड़े गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 23 लाख रुपए फ्रीज करवाए हैं, जिनमें से 20 लाख रुपए विभिन्न खाताधारकों को उनके खातों में वापस कर दिए गए हैं। पुलिस को इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *