उदयपुर में खाद पर विवाद, बाइक में आग लगाई:महिला कर्मचारी बोली – युवक नशे में था, जल्दबाजी कर रहा था, दिन भर खड़े रहने के बाद भी लोगों को खाद नहीं मिला

उदयपुर जिले के खेमली में महीने भर के लंबे इंतज़ार के बाद गुरुवार को खाद को लेकर भीड़ बढ़ी तो विवाद हो गया। घंटों तक लाइन में खड़ी एक वृद्धा चक्कर खाकर गिर गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला कर्मचारी से बहस के बाद एक युवक ने अपनी बाइक को आग लगा दी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बाइक में लगी आग को बुझाकर काबू किया। मौके पर पहुंची डबोक पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है। घटना मावली क्षेत्र के खेमली में आसना सहकारी समिति के गोदाम की है। खेमली में पिछले एक महीने से यूरिया खाद नहीं आ रहा था। गुरुवार को ही आसना सहकारी समिति में यूरिया खाद की सप्लाई हुई थी। सुबह होते ही समिति परिसर में किसानों की लंबी कतारें लग गईं। लाइन में खड़े रहने के दौरान एक वृद्धा चक्कर खाकर गिर गई। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे संभाला और खाद दिलवाकर भेजा। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद कई किसानों को खाद नहीं मिल सका। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे खाद लेने आए रमेश अहारी की गोदाम पर मौजूद महिला कर्मचारी से बहस हो गई। इस पर महिला कर्मचारी लक्ष्मी देवी ने रमेश को पकड़कर धक्का दे दिया, जिससे विवाद बढ़ गया। गुस्से में आए रमेश ने वहीं खड़ी अपनी बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक में आग फैल गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाया। सूचना पर डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रमेश को हिरासत में लिया। ग्रामीणों ने बताया कि गोदाम पर 100 से ज्यादा खाद के बैग होने के बावजूद शाम 4.30 बजे वितरण बंद कर दिया गया था। दूर-दूर से लोग खाद लेने खेमली पहुंचे थे। वहीं महिला कर्मचारी लक्ष्मी देवी ने बताया कि रमेश नशे में था। इस कारण वह बार-बार बहस कर रहा था और जल्दी खाद लेने की कोशिश कर रहा था। इसी वजह से उसे दूर रहने को कहा गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *