ग्वालियर में आज सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। पूरे शहर में घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते सुबह बाजार निकलने वाले वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। दिनभर जम्मू-कश्मीर जैसी कड़ाके की सर्दी ने लोगों को परेशान किया। सुबह न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण ठंड के कारण लोग दिनभर अलाव का सहारा लेने को मजबूर रहे। सर्दी के कारण स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्वालियर में कक्षा आठवीं तक के स्कूल 7 जनवरी तक बंद रहे। गुरुवार को 14 दिन बाद सुबह 10 बजे स्कूल खुले, लेकिन घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण बच्चों की उपस्थिति काफी कम रही। इसके बाद प्रशासन ने दो दिन की अतिरिक्त छुट्टी घोषित कर दी। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए शहरवासी गर्म तासीर वाले भोजन और पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं, ताकि शरीर में गर्मी बनी रहे। लोग आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं और निकलते समय पूरी तरह खुद को ढक रहे हैं। ऊनी दस्ताने, टोपी, मफलर और गर्म कपड़ों का उपयोग कर सर्दी से बचाव कर रहे हैं।


