बैतूल जिले के प्रभारी एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने आज (गुरुवार) बैतूल जिला जेल का दौरा किया। उन्होंने जेल की एक नंबर बैरक में आरएसएस के दूसरे सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार विष्णुसिंह गौड़ की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक आमला डॉ. योगेश पडाग्रे और विधायक घोड़ाडोंगरी गंगाबाई उईके भी उपस्थित रहीं। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मंत्री पटेल ने जेल परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने बंदियों से उनके मामलों की जानकारी ली और जेल की दीवारों पर बनी चित्रकारी की सराहना की। मंत्री ने जेल प्रशासन को बंदियों के सुधार और पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। मंडी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली
इसके बाद मंत्री पटेल ने बडोरा कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर मंडी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री ने मंडी सचिव को निर्देश दिए कि किसानों की उपज की नीलामी और उठाव क्रमवार तथा उसी दिन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्री ने उन व्यापारियों के लाइसेंस स्थगित कर माल जब्त करने के निर्देश भी दिए, जिन्होंने अर्थदंड की राशि जमा नहीं की है। निरीक्षण के दौरान जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन और एसडीएम अभिजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में, मंत्री पटेल ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में भूमिपूजन हुए कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने और प्रगतिरत कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गीता भवन निर्माण, नगरीय निकायों में पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था में सुधार लाने तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के भी निर्देश दिए।


